भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होने वाले मुकाबले से पहले, यह लेख दोनों टीमों के यादगार भिड़ंतों को याद करता है। इसमें 2007 के ग्रुप स्टेज बोल्ड-आउट, 2007 के रोमांचक फाइनल जिसमें भारत 5 रन से जीता, और 2022 मेलबर्न में विराट कोहली की शानदार पारी शामिल है। ये मुकाबले क्रिकेट प्रेमियों के लिए हमेशा अविस्मरणीय रहेंगे और रोमांच की नई परिभाषा गढ़ते हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच कई ऐसे रोमांचक मुकाबले खेले गए हैं, जिसने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी। अब एक बार फिर से टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया और पाकिस्तान एक-दूसरे से रविवार को भिड़ने वाले हैं। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में वैसे तो भारत का पलड़ा भारी रहा है लेकिन पाकिस्तान ने कुछ मौकों पर कड़ी चुनौती दी है और मुकाबले को काफी रोमांचक बना दिया था। इसी कड़ी में हम भारत-पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास के कुछ ऐसे मुकाबलों की बात करने वाले हैं, जिसे फैंस शायद ही कभी भुला पाएं।
भारत-पाकिस्तान के यादगार मुकाबले-
टी20 वर्ल्ड कप 2007
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का पहला संस्करण 2007 में खेला गया था और भारत-पाकिस्तान के बीच बेहद ही रोमांचक मुकाबला देखने को मिला था। क्रिकेट वर्ल्ड ने पहली बोल्ड आउट भी इसी मुकाबले में देखा था। भारत ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए थे। टीम इंडिया के लिए रॉबिन उथप्पा ने सबसे अधिक 50 रनों की पारी खेली थी।
भारत के द्वारा दिए गए 150 रनों के लक्ष्य के जवाब में पाकिस्तान भी 149 रन ही बना सकी और इस तरह से मुकाबला टाई हो गया। मैच का नतीजा बोल्ड आउट के जरिए हुआ था। भारत के लिए वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह और रॉबिन उथप्पा ने स्टंप्स पर गेंद मारी। तो वहीं पाकिस्तान के सभी प्रयास विफल रहे, जिससे भारत को 3-0 से जीत मिली।
टी20 वर्ल्ड कप 2007 फाइनल
भारत और पाकिस्तान के बीच ही टी20 वर्ल्ड कप 2007 का फाइनल मुकाबला खेला गया था। ग्रुप स्टेज की तरह ही फाइनल मैच भी काफी रोमांच रहा, जिसे टीम इंडिया ने 5 रनों से अपने नाम किया था। इस मैच में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए गौतम गंभीर के 75 और रोहित शर्मा के नाबाद 30 रनों की बदौलत 157 रन बनाए थे। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 152 रन ही बना सकी थी और टीम इंडिया वर्ल्ड चैंपियन बन गई।
हालांकि, एक समय ये मैच पाकिस्तान की मुठ्ठी में दिखाई दे रहा था क्योंकि मिस्बाह-उल-हक क्रीज पर जम चुके थे और उन्होंने 43 रन बना लिए थे। हालांकि, जोगिंदर शर्मा की गेंद और एस. श्रीसंत के कैच की वजह से मिस्बाह आउट हो गए और एमएस धोनी कप्तानी में भारत ने इस मुकाबले को अपने नाम कर लिया।
टी20 वर्ल्ड कप 2022
मेलबर्न में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया मुकाबला रोमांच से भरा था। इस मुकाबले को विराट कोहली के द्वारा हारिस रऊफ को स्टेडियम के सामने लगाए गए छक्के के लिए याद किया जाता है। मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए थे और भारत के सामने जीत के लिए 160 रनों का लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में टीम इंडिया ने एक समय पर 31 रनों पर 4 विकेट गंवा दिए थे लेकिन उस दिन विराट कोहली पाकिस्तान की जीत के बीच खड़े हो गए। कोहली ने इस मुकाबले में 53 गेंदों पर नाबाद 82 रनों की पारी खेली थी और टीम इंडिया को 4 विकेट से जीत दिलाई थी।
CG News | Chhattisgarh News Hindi News Updates from Chattisgarh for India