Tuesday , February 24 2026

ऑस्ट्रेलिया को लगा डबल झटका, भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुईं दो स्टार खिलाड़ी

भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि एलिस पैरी और किम गार्थ चोट के कारण बाहर हो गई हैं। यह सीरीज 2025 विश्व कप सेमीफाइनल के बाद दोनों टीमों की पहली भिड़ंत है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली ने चोटों की पुष्टि की और बताया कि यह उनकी आखिरी वनडे सीरीज है।

AUS W vs IND W 1st ODI: ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले एक नहीं, दो बड़े झटके लगे हैं। कंगारू टीम की दो स्टार खिलाड़ी, एलिस पैरी और किम गार्थ दोनों ही इंजरी के चलते तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गईं हैं। बता दें कि गाबा के मैदान पर वनडे सीरीज का आगाज आज से हो चुका है। दोनों ही टीमें 2025 वनडे विश्व कप सेमीफाइनल के बाद पहली बार आमने-सामने हैं, जहां भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर इतिहास रचा था।

एलिस पेरी और किम गार्थ हुईं वनडे सीरीज से बाहर
दरअसल, भारत के खिलाफ हाल ही में खेली गई टी20आई सीरीज के तीसरे मैच के दौरान ऑलराउंडर एलिस पेरी और किम गार्थ को चोट लगी थी। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली ने पहले वनडे मैच के टॉस के दौरान इस खबर की पुष्टि की। हीली ने कहा कि ये टीम के लिए दो बड़े बदलाव है। उन्होंने बताया कि वो खुद भारत के खिलाफ टेस्ट मैच के बाद संन्यास लेंगी और यह उनकी आखिरी वनडे सीरीज है। उन्होंने माना कि टीम को सीरीज में मजबूत शुरुआत करनी होगी। खासकर तब जब भारतीय टीम हालिया मैच में बेहतरीन फॉर्म में है।

IND W vs AUS W 1st ODI: भारतीय महिला टीम ने जीता टॉस
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। भारत के लिए ये राहत की बात रही कि प्रतिका रावल एंकल इंजरी से उबरकर टीम में लौट आई हैं। वहीं, शेफाली वर्मा को भी प्लेइंग-11 में शामिल किया है और वो नंबर-3 पर बैटिंग कर रही हैं। हरलीन देओल इस मैच के लिए टीम का हिस्सा नहीं है।

IND W vs AUS W 1st ODI: दोनों टीमों की प्लेइंग-11
ऑस्ट्रेलिया महिला: एलिसा हीली (कप्तान), फोएबे लिचफील्ड, जॉर्जिया वोल, बेथ मूनी (विकेटकीपर), एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर, ताहलिया मैकग्राथ, सोफी मोलिनक्स, अलाना किंग, मेगन शट, डार्सी ब्राउन।

भारतीय महिला (प्लेइंग XI): स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, शैफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, काश्वी गौतम, श्री चरणी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर।