यूक्रेन के सबसे धनी कारोबारी और बैंकिंग क्षेत्र के प्रमुख 59 वर्षीय रिनात अख्मेतोव ने मोनाको के नए और प्रतिष्ठित मारेटेरा इलाके में एक पांच मंजिला लग्जरी अपार्टमेंट खरीदा है। यह डील लगभग 5,137 करोड़ रुपये की बताई जा रही है, जो इतिहास की सबसे महंगी आवासीय संपत्ति खरीदों में से एक है।
यह खुलासा हाल ही में मोनाको के संपत्ति रिकॉर्ड और लीक हुई ईमेल्स की जांच के बाद हुआ है। संपत्ति ला रेंजो बिल्डिंग में स्थित है, जिसमें 21 कमरे, प्राइवेट स्विमिंग पूल, जकूजी और कम से कम आठ पार्किंग स्पेस शामिल हैं। यह वाटरफ्रंट प्रॉपर्टी समुद्र पर बनी है और करीब 2,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली हुई है।
रिकॉर्ड बनाने वाली डील
2024 में हुई यह खरीदारी मोनाको के मारेटेरा जिले की ला रेंजो इमारत में की गई। मारेटेरा को समुद्र से भूमि सुधार करके विकसित किया गया है और 2024 में प्रिंस अल्बर्ट द्वितीय द्वारा इसका उद्घाटन किया गया था। अख्मेतोव की होल्डिंग कंपनी सिस्टम कैपिटल मैनेजमेंट (SCM) ने यह संपत्ति खरीदी है। यह डील वैश्विक लग्जरी रियल एस्टेट बाजार में चर्चा का विषय बन गई है।
लंदन में भी की थी रिकॉर्ड खरीदारी
रिनात अख्मेतोव लग्जरी संपत्तियों के शौकीन हैं। वर्ष 2011 में उन्होंने लंदन के वन हाइड पार्क में दो अपार्टमेंट्स खरीदे और उन्हें मिलाकर एक शानदार पेंटहाउस बनवाया।
उस समय इसकी कीमत लगभग 930 करोड़ रुपये से अधिक थी, जो ब्रिटेन की इतिहास की सबसे महंगी आवासीय खरीदारी थी। इसके अलावा, उनके पास 5,510 करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत वाली लग्जरी यॉट भी है।
रिनात अख्मेतोव का जन्म 1966 में यूक्रेन के डोनेत्स्क शहर में एक मजदूर परिवार में हुआ था। उनका बचपन बेहद तंगहाली में बीता। परिवार का घर सिर्फ 215 वर्ग फुट का था, जिसमें न शौचालय की सुविधा थी और न ही पानी की।
एक बार जब वे डॉक्टर से इलाज कराकर अपनी मां के साथ लौट रहे थे, तो रास्ते में उनकी नजर मां के खाली बटुए पर पड़ी। इस दृश्य ने उन्हें बहुत दुखी कर दिया। तभी उन्होंने मन में ठान लिया कि एक दिन वे बड़े फुटबॉलर बनेंगे और अपनी मां का पर्स पैसों से भर देंगे। 29 साल बाद वे यूक्रेन के प्रसिद्ध फुटबॉल क्लब एफसी शाख्तार डोनेत्स्क के प्रेसिडेंट बन गए।
कैसा रहा सफर?
1990 के दशक में अख्मेतोव ने ‘आर्स’ कंपनी की शुरुआत की और कोयला व्यापार से अपने करियर की नींव रखी। यहीं से उन्होंने पहली बार करीब 10 लाख रुपये कमाए। बाद में उन्होंने एनर्जी, बैंकिंग और स्टील क्षेत्रों में कदम रखा।
वर्तमान में उनकी होल्डिंग कंपनी सिस्टम कैपिटल मैनेजमेंट (SCM) यूक्रेन की सबसे बड़ी औद्योगिक कंपनियों में से एक है। 2000 के दशक में वे अरबपति बन गए। अपनी सफलता के बाद उन्होंने बचपन की पुरानी झोपड़ी वाली जगह पर अपनी मां के लिए एक बड़ा और सुंदर महल बनवा दिया।
आज उनकी कुल संपत्ति लगभग 7.8 बिलियन डॉलर (करीब 73,000 करोड़ रुपये से अधिक) बताई जाती है। गरीबी से शुरू करके इतनी बड़ी साम्राज्य खड़ा करना उनकी मेहनत, दूरदृष्टि और अथक प्रयासों की मिसाल है।




