रायपुर, 27 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने रेडक्रॉस के मानवीय कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए सदस्यता अभियान को तेज करने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को व्यापक बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और विभिन्न वर्गों के प्रतिष्ठित नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
लोकभवन में आयोजित बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष टोमन साहू ने राज्यपाल से मुलाकात कर संगठन की गतिविधियों, सदस्यता विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर राज्यपाल ने विशेष रूप से 8 मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर राज्य और जिला स्तर पर बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने सुझाव दिया कि आम नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए रेडक्रॉस स्टिकर के माध्यम से दान संग्रह अभियान चलाया जाए। साथ ही, उन्होंने प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को जूनियर रेडक्रॉस और यूथ रेडक्रॉस से जोड़ने पर भी जोर दिया। उनका मानना है कि युवाओं की सहभागिता से सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होगा।
बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी की वर्तमान गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान राज्य प्रतिनिधि श्री युवराज देशमुख और कोषाध्यक्ष श्री संजय पटेल भी उपस्थित रहे।




