पैन इंडिया फिल्मों के कारण दक्षिण भारतीय कलाकारों को हिंदी फिल्में देखने वाले दर्शकों का भी भरपूर प्यार मिला है। खासकर साल 2024 में रिलीज हुई अभिनेता अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ को हिंदी पट्टी में खूब पसंद किया गया था।
अब साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘राका’ को लेकर भी कुछ ऐसा ही माहौल बन चुका है, जहां बिहार में डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच इस फिल्म के टेरिटोरियल राइट्स को खरीदने को लेकर होड़ मची हुई है।
‘राका’ के साथ बिहार में होगा अल्लू अर्जुन का जलवा
अल्लू अर्जुन की साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘पुष्पा: द रूल’ ने बिहार से लेकर यूपी और झारखंड में शानदार प्रदर्शन किया था। इस फिल्म की खातिर वहां पर कई सिनेमाघरों को दोबारा खोलना पड़ा था। ऐसे में बिहार के डिस्ट्रीब्यूशन सर्कल को उम्मीद है कि ‘राका’ के साथ भी अल्लू को इसी तरह की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिलेगी।
मुंबई मनोरंजन संवाददाता की रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिहार के डिस्ट्रीब्यूटर्स ने ‘राका’ के लिए कमर कस ली है। अल्लू के 44वें जन्मदिन पर फिल्म से उनका लुक जारी किया गया था, जिसने लोगों की दिलचस्पी को और बढ़ा दिया। ऐसे में बिहार के डिस्ट्रीब्यूटर्स अभी से इस फिल्म के लिए निर्माताओं को मुंहमांगी कीमत देने के लिए तैयार हैं। इस फिल्म से जुड़े करीबी सूत्र के अनुसार, बिहार के कई डिस्ट्रीब्यूटर्स ने ‘राका’ के निर्माताओं से राज्य के लिए एक्सक्लूसिव टेरिटोरियल राइट्स हासिल करने के लिए रिकॉर्ड कीमत पर संपर्क किया है। हालांकि, मेकर्स की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की गई है।
पहली बार पर्दे पर साथ होंगे अल्लू अर्जुन-दीपिका पादुकोण
‘जवान’ फेम डायरेक्टर एटली की फिल्म में पहली बार अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण स्क्रीन पर एक साथ नजर आएंगे। रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म का बजट 700 से 800 करोड़ रुपये तक का है। पैन इंडिया रिलीज होने वाली इस फिल्म में मेकर्स ने भारी मात्रा में VFX का इस्तेमाल किया है।
आईएमडीबी (IMDb) के सारांश के आधार पर, ‘राका’ की कहानी एक डिवाइन वॉरियर की है, जो आग से पैदा हुआ है। उसे ब्रह्मांड की शक्तियों ने आकार दिया है। ऐसा भी कहा जा रहा है कि फिल्म में अल्लू अर्जुन ट्रिपल भूमिका में दिखाई दे सकते हैं। पहला लुक जारी करने के बाद मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट पर अभी भी सस्पेंस बनाया हुआ है।




