होम उत्तर प्रदेश गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन:मोदी का सपा पर तीखा हमला

गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन:मोदी का सपा पर तीखा हमला

0

हरदोई, 29 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करते हुए विकास, बेहतर कानून व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को राज्य की नई पहचान बताया। इस मौके पर उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोलते हुए उसे “नारी विरोधी” करार दिया और विपक्ष की राजनीति पर भी सवाल उठाए।

    प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के संसद में पारित नहीं होने के लिए सपा को जिम्मेदार ठहराते हुए उसे “विकास विरोधी” और “नारी विरोधी” करार दिया। उन्होंने कहा कि सपा ने इस मुद्दे पर द्रमुक जैसी पार्टियों का साथ दिया, जो उत्तर प्रदेश के हितों के खिलाफ खड़ी रही हैं।

     उन्होंने कहा कि यदि यह विधेयक पारित हो जाता तो 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में आरक्षण मिलना शुरू हो जाता। साथ ही राज्यों में सीटों की संख्या बढ़ने से प्रतिनिधित्व भी मजबूत होता, लेकिन विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया।

     मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान अपराध और “जंगल राज” से जुड़ी रही है, लेकिन अब कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है और राज्य एक उदाहरण बन रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर होने के बाद सपा राज्य की प्रगति से असहज है और फिर से समाज को बांटने की कोशिश कर रही है।

     प्रधानमंत्री ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि सपा परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति से ऊपर नहीं उठ सकती और हमेशा तुष्टीकरण की राह पर चलती है।वैश्विक परिदृश्य का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश अशांति और अस्थिरता का सामना कर रहे हैं, लेकिन भारत तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने “आत्मनिर्भर भारत” अभियान को मजबूत करने और आधुनिक बुनियादी ढांचे के निर्माण पर जोर दिया।

     गंगा एक्सप्रेसवे को उन्होंने इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे से मेरठ से प्रयागराज के बीच यात्रा समय 10-12 घंटे से घटकर करीब छह घंटे रह जाएगा। यह एक्सप्रेसवे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज सहित 12 जिलों को जोड़ता है।

    इससे पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे राज्य की विकास यात्रा को नई गति देगा और यह किसानों, उद्यमियों तथा युवाओं के लिए “जीवन रेखा” साबित होगा।