नई दिल्ली, 01 मई। देशभर में एलपीजी गैस की कीमतों को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 1 मई 2026 से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (19 किलो) के दाम में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई है। इस इजाफे के बाद राजधानी दिल्ली सहित कई प्रमुख शहरों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3000 रुपये के पार पहुंच गई है।
सरकारी तेल कंपनियों द्वारा जारी नए रेट के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब 3071.50 रुपये हो गई है, जो एक अप्रैल को 2078.50 रुपये थी। यानी महज एक महीने के भीतर कीमतों में सीधा 993 रुपये का उछाल दर्ज किया गया है। यह बढ़ोतरी पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों में चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के तुरंत बाद लागू की गई है।
इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड कारोबार पर पड़ने की आशंका है। गैस महंगी होने से खाने-पीने की चीजों की लागत बढ़ेगी, जिसका बोझ अंततः ग्राहकों पर पड़ सकता है। ऐसे में बाहर खाना अब पहले से ज्यादा महंगा हो सकता है।
हालांकि, आम घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वर्तमान में दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये, चेन्नई में 928.50 रुपये और कोलकाता में 939 रुपये बनी हुई है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में आखिरी संशोधन 7 मार्च 2026 को किया गया था।




