होम छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में वाटर स्पोर्ट्स पर सख्ती: CM साय ने सुरक्षा मानकों के...

छत्तीसगढ़ में वाटर स्पोर्ट्स पर सख्ती: CM साय ने सुरक्षा मानकों के कड़े पालन के दिए साय

0

रायपुर, 2 मई। मध्य प्रदेश में हाल ही में हुए क्रूज हादसे के बाद छत्तीसगढ़ सरकार सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में संचालित सभी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

     मुख्यमंत्री ने धमतरी, कोरबा समेत सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जहां-जहां वाटर स्पोर्ट्स संचालित हो रहे हैं, वहां तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराया जाए और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

     उन्होंने यह भी कहा कि सभी वाटर स्पोर्ट्स स्थलों पर उपयोग किए जा रहे उपकरणों की नियमित तकनीकी जांच हो, प्रशिक्षित और दक्ष कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए मजबूत प्रबंधन व्यवस्था तैयार रखी जाए। साथ ही रेस्क्यू उपकरण, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

    मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि कहीं भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

    उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। इसलिए यह जरूरी है कि वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां पूरी तरह सुरक्षित और मानकों के अनुरूप संचालित हों, ताकि किसी भी संभावित जोखिम को रोका जा सके।

   मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि इन सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और समय-समय पर इसकी रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सतर्कता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने से ही आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।