नई दिल्ली 09 मई।लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बिहार की राजधानी पटना में शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में बेरोज़गारी सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है, लेकिन बीजेपी सरकार युवाओं की आवाज़ सुनने के बजाय उन पर लाठियां बरसा रही है।
राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि पटना में अपने रोज़गार के अधिकार की मांग कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को बिहार पुलिस ने बेरहमी से पीटा। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोज़गार युवाओं को बीजेपी का जवाब केवल “लाठी” है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि आज भारत में बेरोज़गारी सबसे गंभीर संकट है और इसका सबसे अधिक असर बिहार तथा उत्तर प्रदेश के युवाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लाखों युवा डिग्री और योग्यता होने के बावजूद रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार को उनकी कोई चिंता नहीं है।
राहुल गांधी ने कहा कि जब युवा अपने अधिकार और रोजगार की मांग को लेकर सड़कों पर उतरते हैं, तब उन्हें नौकरी देने के बजाय उन पर लाठियां चलाई जाती हैं। उन्होंने दावा किया कि देश का युवा अब बीजेपी के “झूठ” से तंग आ चुका है और अब चुप नहीं बैठेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की लड़ाई में हर मोड़ पर उनके साथ खड़ी है।
उल्लेखनीय है कि पटना में शुक्रवार को शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया।




