चेन्नई, 13 मई। तमिलनाडु की राजनीति में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार ने विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया। सदन में हुए फ्लोर टेस्ट में सरकार को स्पष्ट बहुमत मिला और विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 144 विधायकों ने मतदान किया, जबकि 22 सदस्यों ने विरोध में वोट डाले। वहीं 5 विधायक तटस्थ रहे।
विधानसभा अध्यक्ष जे.सी.डी. प्रभाकर ने मतदान के बाद विश्वास प्रस्ताव पारित होने की घोषणा की। कुल 171 सदस्यों की मौजूदगी में हुई इस प्रक्रिया में विजय सरकार ने आसानी से बहुमत साबित कर दिया।
फ्लोर टेस्ट से पहले सदन में विधायकों की गिनती की गई। इस दौरान द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के सदस्यों ने वॉकआउट किया। इसके बाद टीवीके के साथ वामपंथी दलों, वीसीके, आईयूएमएल, बीजेपी, डीएमडीके, पीएमके और अन्य सहयोगी दलों के विधायक सदन में मौजूद रहे।
विश्वास मत के दौरान सरकार को सहयोगी दलों का मजबूत समर्थन मिला। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह फ्लोर टेस्ट मुख्यमंत्री विजय सरकार के लिए बेहद अहम माना जा रहा था, क्योंकि इससे सदन में सरकार की वास्तविक ताकत और स्थिरता का संकेत मिलना था।
विश्वास प्रस्ताव में मिली बड़ी जीत के बाद तमिलनाडु में टीवीके सरकार की स्थिति और मजबूत मानी जा रही है। इस परिणाम ने साफ कर दिया है कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को विधानसभा में सहयोगी दलों का व्यापक समर्थन प्राप्त है।




