रायपुर 17 मई।केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर आज देर शाम रायपुर पहुंच गए।
श्री शाह का स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगियों.रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया।
इस उच्च स्तरीय दौरे के दौरान गृह मंत्री सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जन-सुविधाओं का विस्तार करने, स्थानीय समाज से सीधा संवाद करने के साथ-साथ दोनों दिन विभिन्न शीर्ष नीतिगत और प्रशासनिक बैठकों का नेतृत्व करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केन्द्रीय गृह मंत्री अपने दौरे के पहले दिन, कल सुबह 10:15 बजे रायपुर स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के परेड ग्राउंड से राज्य की आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ के नए आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके तुरंत बाद वे बस्तर जिले के नेतानार के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां सुबह 11:45 बजे सुदूर अंचलों में शासकीय व डिजिटल सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए ‘जन सुविधा केन्द्र’ का भव्य शुभारंभ किया जाएगा।
दोपहर में जगदलपुर पहुंचने पर, गृह मंत्री दोपहर 01:00 बजे अमर वाटिका जाकर देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात, दोपहर 02:00 बजे जगदलपुर के बादल (BADAL) अकादमी में एक वृहद संवाद कार्यक्रम का आयोजन होगा, जहां श्री शाह शहीदों के परिजनों, नक्सल मोर्चे पर तैनात CAPF व राज्य के विशेष सुरक्षा बलों, पुलिस अधिकारियों, नक्सल पीड़ितों और स्थानीय विभिन्न समाजों के प्रमुख प्रबुद्ध प्रतिनिधियों से मुलाकात कर जमीनी स्तर पर व्यापक चर्चा करेंगे। इस प्रवास का पहला दिन शाम 06:30 बजे बादल अकादमी में ही आयोजित होने वाले ‘बस्तर के संग’ लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा, जिसमें वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर बस्तर की अनूठी जनजातीय कला और संस्कृति का अवलोकन करेंगे।
अपने दौरे के अगले दिन 19 मई को केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह जगदलपुर में आयोजित होने वाले एक और महत्वपूर्ण और उच्च स्तरीय कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।




