श्रीकाकुलम 17 मई। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य में लगातार गिर रही जन्म दर को लेकर बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि अब राज्य में तीसरा बच्चा पैदा करने वाले परिवारों को 30 हजार रुपये और चौथा बच्चा होने पर 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
श्री नायडू ने यह घोषणा श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा में आयोजित एक जनसभा के दौरान की।मुख्यमंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश में तेजी से घट रही जन्म दर भविष्य में गंभीर जनसंख्या असंतुलन पैदा कर सकती है। इसी को देखते हुए सरकार युवाओं को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में काम कर रही है।
इससे पहले मार्च 2025 में विधानसभा सत्र के दौरान सरकार ने दूसरे बच्चे पर 25 हजार रुपये देने की संभावना जताई थी, लेकिन बाद में नीति में बदलाव करते हुए यह लाभ तीसरे और चौथे बच्चे पर लागू करने का फैसला लिया गया।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार आंध्र प्रदेश का टोटल फर्टिलिटी रेट (TFR) घटकर 1.5 तक पहुंच गया है, जबकि जनसंख्या को स्थिर बनाए रखने के लिए 2.1 का रिप्लेसमेंट लेवल जरूरी माना जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले वर्षों में राज्य में युवाओं की संख्या तेजी से कम हो सकती है।
फिलहाल राज्य की औसत आयु 32.5 वर्ष पहुंच चुकी है, जबकि देश की औसत आयु लगभग 28 वर्ष है। इससे साफ संकेत मिलता है कि आंध्र प्रदेश अन्य राज्यों की तुलना में तेजी से वृद्ध होती आबादी वाले राज्यों में शामिल हो रहा है। सरकार को आशंका है कि वर्ष 2040 के बाद उद्योग, सेवा क्षेत्र और अर्थव्यवस्था में कार्यबल की कमी बड़ी चुनौती बन सकती है।
सरकार का कहना है कि इस नई योजना का उद्देश्य भविष्य में वृद्धजन संकट और श्रमशक्ति की कमी से बचाव करना है। माना जा रहा है कि आंध्र प्रदेश की यह पहल उन राज्यों के लिए भी उदाहरण बन सकती है, जहां जन्म दर लगातार गिर रही है।




