होम छत्तीसगढ़ अमित शाह की अध्यक्षता में बस्तर में पहली बार होगी मध्य क्षेत्रीय...

अमित शाह की अध्यक्षता में बस्तर में पहली बार होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक

0

रायपुर, 18 मई।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि 19 मई 26 का दिन बस्तर के इतिहास में एक अहम और ऐतिहासिक अवसर के रूप में दर्ज होने जा रहा है। जगदलपुर में पहली बार केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कई राज्यों के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे।

     इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे मोहन यादव और पुष्कर सिंह धामी का मुख्यमंत्री श्री साय ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक मुद्दों और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा भी हुई।

     मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर में इस तरह की उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि जो बस्तर कभी नक्सली हिंसा की चुनौतियों के कारण चर्चा में रहता था, वही क्षेत्र अब शांति, सुरक्षा और विकास की नई पहचान बना रहा है। देश के वरिष्ठ नेतृत्व और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी बस्तर में बढ़ते विश्वास और बदलते माहौल को दर्शाती है।

      उन्होंने विश्वास जताया कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की यह बैठक राज्यों के बीच बेहतर समन्वय को मजबूत करेगी और विकसित, सुरक्षित तथा आत्मनिर्भर बस्तर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।