रायपुर, 20 मई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित रूप से इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों की कड़ी आलोचना की है।
श्री साय ने यहां जारी अपने बयान में कहा कि लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस नेतृत्व निराशा में लोकतांत्रिक मर्यादाओं को लगातार लांघ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा को मजबूत करने, आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों से सख्ती से निपटने तथा भारत की वैश्विक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले नेतृत्व के खिलाफ इस तरह की अभद्र टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैसे संवैधानिक पद केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय गरिमा के प्रतीक होते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन विरोध की आड़ में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं माना जा सकता।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह की बयानबाजी पार्टी के नेतृत्व की राजनीतिक परिपक्वता पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सुरक्षा, विकास और आत्मविश्वास के नए दौर को देख रही है। ऐसे में कांग्रेस का यह रवैया जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।




