होम उत्तर प्रदेश फर्जी एनकाउंटर नाकाम सरकार की पहचान, जाति-धर्म देखकर हो रही कार्रवाई :...

फर्जी एनकाउंटर नाकाम सरकार की पहचान, जाति-धर्म देखकर हो रही कार्रवाई : अखिलेश

0

लखनऊ, 26 जुलाई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर फर्जी एनकाउंटर कराने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में जाति और धर्म के आधार पर एनकाउंटर किए जा रहे हैं, जो कानून और संविधान की भावना के खिलाफ है।

   मंगलवार को सपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर नाकाम सरकार की पहचान बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने और सामाजिक न्याय को कमजोर करने के लिए इस तरह की घटनाओं का इस्तेमाल कर रही है।

    उन्होंने जौनपुर में दूल्हे की हत्या के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि एक लाख रुपये के इनामी आरोपी रवि यादव को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया, लेकिन ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच जरूरी है। अखिलेश ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर के जरिए समाज में भय का माहौल बनाया जा रहा है और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है।

     सपा प्रमुख ने कहा कि एनकाउंटर के नाम पर पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज को डराकर उनके अधिकारों को दबाने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना था कि इससे कानून-व्यवस्था मजबूत नहीं होती, बल्कि जनता का न्याय व्यवस्था से भरोसा कमजोर पड़ता है।

      श्री यादव ने पुलिसकर्मियों को भी नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें समझना चाहिए कि सरकार किस तरह उन्हें अधिकारी से अपराधी बनाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गैरकानूनी कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को बाद में सामाजिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

     अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि फर्जी एनकाउंटर सरकार की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हैं, जिनके जरिए समर्थकों को खुश करने और समाज में डर पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।