बीजापुर, 2 जून। प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को बीजापुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित कोण्डापल्ली गांव पहुंचे। यहां आयोजित जनचौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया और हितग्राहियों से मुलाकात कर योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी प्राप्त की।
श्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को अपने अधिकारों एवं सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े। इसी उद्देश्य से सरकार स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है।
जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार मान्यता पत्र, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ, श्रम कार्ड तथा किसान हितग्राही योजनाओं से संबंधित सहायता वितरित की। उन्होंने लाभार्थियों से चर्चा कर योजनाओं के प्रभाव और उनके अनुभवों की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी सार्थक मानी जाएगी, जब उसका लाभ सही समय पर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और आमजन को शासन की संवेदनशीलता का अनुभव हो।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है तथा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल सहित प्रदेश के दूरस्थ और वन क्षेत्रों तक विकास की मुख्यधारा पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सुशासन तिहार के माध्यम से शासन सीधे लोगों के द्वार तक पहुंच रहा है, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान होने के साथ-साथ शासन के प्रति आमजन का विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




