होम छत्तीसगढ़ जशपुर को पहली बार मिलेगा रेल संपर्क, धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा रेल परियोजना को मिला...

जशपुर को पहली बार मिलेगा रेल संपर्क, धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा रेल परियोजना को मिला विशेष परियोजना का दर्जा

0

रायपुर, 13 जून। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के लिए एक ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित उपलब्धि सामने आई है। भारत सरकार के रेल मंत्रालय ने धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित कर दिया है। इस निर्णय के साथ ही जशपुर जिले को पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है।

      करीब 291.881 किलोमीटर लंबी यह महत्वाकांक्षी रेल परियोजना रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से शुरू होकर जशपुर जिले के पत्थलगांव होते हुए झारखंड के लोहरदगा तक पहुंचेगी। परियोजना के पूर्ण होने के बाद जशपुर जिला सीधे राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा, जिससे क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

      यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकसित की जा रही आधुनिक आधारभूत संरचना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रयासों और क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के परिणामस्वरूप यह सपना अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

     रेल मंत्रालय द्वारा भारत के राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार, रेल अधिनियम 1989 के प्रावधानों के तहत सार्वजनिक हित और राष्ट्रीय अवसंरचना विकास को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को अधिसूचित किया गया है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही यह परियोजना औपचारिक रूप से प्रभावशील हो गई है और इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया को गति मिलेगी।

    प्राकृतिक संसाधनों और विकास की व्यापक संभावनाओं से समृद्ध जशपुर जिला अब तक रेल संपर्क से वंचित था। परिवहन के लिए मुख्य रूप से सड़क मार्ग पर निर्भर रहने के कारण यहां के नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और रोजगार की तलाश में अन्य शहरों की ओर जाने वाले युवाओं को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

     नई रेल लाइन के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, पर्यटन और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी, वहीं युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही जशपुर और आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

     विशेषज्ञों का मानना है कि यह रेल परियोजना जशपुर जिले के विकास की नई आधारशिला साबित होगी और आने वाले वर्षों में पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।