होम उत्तर प्रदेश साहू-राठौर प्रतिभा सम्मान समारोह में 72 छात्र-छात्राओं का सम्मान

साहू-राठौर प्रतिभा सम्मान समारोह में 72 छात्र-छात्राओं का सम्मान

0

(दर्शन कुमार साहू)

सुलतानपुर 15 जून। दानवीर भामाशाह स्मारक चेतना समिति द्वारा आयोजित 17वें साहू-राठौर प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का आयोजन नगर स्थित आदर्श मैरिज हॉल में संपन्न हुआ। समारोह में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित 72 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक उत्थान के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।

    मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त एडीएम अमृत लाल गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन में चमत्कारिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम शिक्षा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही प्रगतिशील समाज का निर्माण करता है। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से विद्यार्थियों के लिए नियमित कैरियर मार्गदर्शन कक्षाएं संचालित करने का सुझाव भी दिया, जिससे ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उचित दिशा मिल सके।

    राष्ट्रीय तेली साहू समाज महासंगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. डी.सी. गुप्ता ने कहा कि पिछले 17 वर्षों से समिति द्वारा मेधावी बच्चों को सम्मानित करने की परंपरा समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इससे विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

    विशिष्ट अतिथि विनोद कुमार साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल अच्छे अंक प्राप्त करना ही लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि जीवन में बड़े पदों तक पहुंचने का संकल्प लेकर निरंतर परिश्रम करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि लखनऊ से आए सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक अजीत गुप्ता ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताया।

    समारोह में हाईस्कूल परीक्षा में 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली शगुन गुप्ता, 93.3 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली अनामिका साहू तथा 93 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले आयुष गुप्ता सहित प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण 41 मेधावी छात्र-छात्राओं को अंगवस्त्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

    इसी प्रकार इंटरमीडिएट परीक्षा में 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली दीपाली साहू, 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली खुशी साहू तथा 86.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली आश्वी साहू सहित प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण 20 मेधावी विद्यार्थियों को अंगवस्त्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित 11 प्रतिभाशाली युवाओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

    कार्यक्रम को वरिष्ठ पत्रकार अशोक साहू, दया शंकर गुप्ता, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका साहू, अधिवक्ता रमेश साहू, सेवानिवृत्त प्रबंधक जवाहर लाल गुप्ता, शिक्षक उमेश गुप्ता तथा संस्था के अध्यक्ष लाल बहादुर गुप्ता,सचिव अवनीश साहू ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान न केवल उनकी उपलब्धियों का सम्मान है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने का माध्यम भी है।

    समारोह में जिला साहू समाज के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता श्याम बहादुर गुप्ता,महिला जिलाध्यक्ष श्रीमती सर्वेश साहू,नगर अध्यक्ष हंसराज साहू,सत्यपाल राठौर,अमर चंद साहू अधिवक्ता बनवारी लाल गुप्ता तथा समिति के संस्थापक भुलई राम साहू ने भी अपने ओजस्वी विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम करने तथा समाज और राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

   समारोह के दौरान सम्मानित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम का समापन मेधावियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।