होम छत्तीसगढ़ सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा:छत्तीसगढ़ से 1000 विशिष्टजन विशेष ट्रेन से जाएंगे सोमनाथ...

सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा:छत्तीसगढ़ से 1000 विशिष्टजन विशेष ट्रेन से जाएंगे सोमनाथ धाम

0

रायपुर, 21 जून। भारत की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक आस्था और राष्ट्रीय गौरव को समर्पित ‘सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा’ का आयोजन 22 से 26 जून तक किया जाएगा। इस विशेष यात्रा के तहत छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से चयनित 1000 विशिष्टजन विशेष ट्रेन के माध्यम से गुजरात स्थित पवित्र सोमनाथ धाम की यात्रा करेंगे।

     यात्रा का शुभारंभ 22 जून को सुबह 9 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर सांसद, विधायक, महापौर और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।

     यह यात्रा केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य युवाओं और समाज को भारत की सांस्कृतिक जड़ों, आध्यात्मिक परंपराओं और राष्ट्रीय विरासत से जोड़ना है। सोमनाथ धाम भारतीय सभ्यता की उस अमर चेतना का प्रतीक माना जाता है, जिसने अनेक ऐतिहासिक चुनौतियों के बावजूद अपनी पहचान और आस्था को बनाए रखा।

      यात्रा में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित पद्म पुरस्कार प्राप्त हस्तियां, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित कलाकार, साहित्यकार, संस्कृति कर्मी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्र की पवित्र मिट्टी और नदियों का जल भी साथ लेकर जाएंगे, जो देश की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक समरसता का प्रतीक होगा।

     सोमनाथ पहुंचने पर यात्रियों को मंदिर दर्शन के साथ विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कला यात्राएं और ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व के स्थलों का भ्रमण भी शामिल रहेगा। इससे प्रतिभागियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझने और विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित करने का अवसर मिलेगा।

     संस्कृति विभाग के अनुसार यात्रा की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रतिभागियों के स्वास्थ्य परीक्षण, यात्रा प्रबंधन और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विशेष ट्रेन के संचालन और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।