होम छत्तीसगढ़ समोदा में मुख्यमंत्री साय ने 128 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों...

समोदा में मुख्यमंत्री साय ने 128 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की दी सौगात

0

रायपुर, 9 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 128 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के लिए कई नई विकास योजनाओं की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत रीवा में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण तथा ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नत करने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी, यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी” सरकार की कार्यशैली और जनता के विश्वास का प्रतीक बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है, जबकि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 28 किश्तों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के बैंक खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी लक्ष्य के तहत बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी, जवाबदेह और सुशासन आधारित प्रशासन स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ नागरिक सेवाओं को अधिक सरल और सुलभ बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज और कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। वहीं, सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 520 से अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ा दी गई है। पात्र उपभोक्ता सितंबर तक ‘मोर बिजली’ मोबाइल एप या वेबसाइट के माध्यम से पंजीयन कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

इस अवसर पर कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अब तक 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास और सुशासन की नई दिशा स्थापित हुई है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत आंवला का पौधा लगाया। साथ ही सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिल वितरित की तथा जिला प्रशासन के ‘मिशन उत्कर्ष’ के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।