होम छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ को मिले 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज, 2026-27 से बढ़ेंगी 250...

छत्तीसगढ़ को मिले 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज, 2026-27 से बढ़ेंगी 250 एमबीबीएस सीटें

0

रायपुर, 13 जुलाई। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से छत्तीसगढ़ के पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इन सभी मेडिकल कॉलेजों में 50-50 एमबीबीएस सीटें होंगी। इसके साथ ही प्रदेश में कुल 250 नई एमबीबीएस सीटों की बढ़ोतरी होगी।

      स्वीकृति प्राप्त करने वाले मेडिकल कॉलेज गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में स्थापित किए जाएंगे। इन कॉलेजों के शुरू होने से प्रदेश के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे, वहीं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

      मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा विकसित राज्य की सबसे बड़ी आधारशिला हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा आधुनिक और समावेशी स्वास्थ्य तंत्र विकसित करना है, जिससे प्रदेश का कोई भी युवा डॉक्टर बनने के अवसर से वंचित न रहे और नागरिकों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।

     मुख्यमंत्री ने कहा कि गीदम जैसे पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्र से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ के आदिवासी अंचल कुनकुरी तक मेडिकल कॉलेजों की स्थापना इस बात का प्रमाण है कि डबल इंजन सरकार विकास की योजनाओं को प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुंचा रही है। उनके अनुसार यह पहल केवल नए शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने और दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत नींव रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

    उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार बड़े बदलाव कर रही है। नए मेडिकल कॉलेजों के शुरू होने से स्थानीय युवाओं को अपने ही राज्य में एमबीबीएस की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और क्षेत्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।