होम छत्तीसगढ़ राजीव भवन पथराव मामला: पुलिस के लिखित आश्वासन के बाद दीपक बैज...

राजीव भवन पथराव मामला: पुलिस के लिखित आश्वासन के बाद दीपक बैज ने 18 घंटे बाद स्थगित किया धरना

0

रायपुर 24 जुलाई।राजधानी रायपुर में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पर हुए पथराव के मामले में पुलिस से लिखित आश्वासन मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने खम्हारडीह थाना परिसर में पिछले 18 घंटे से जारी धरने को फिलहाल एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया। कांग्रेस का कहना है कि पुलिस ने उनकी तीनों प्रमुख मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।

        पुलिस ने कांग्रेस को आश्वस्त किया है कि राजीव भवन पर हमले के आरोपित भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कांग्रेस की शिकायत पर सात दिनों के भीतर जांच पूरी कर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही घटना में घायल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का चिकित्सकीय परीक्षण (एमएलसी) कराकर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिन कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर गैर-जमानती धाराएं लगाई गई हैं, उनकी विवेचना कर आवश्यक होने पर उन धाराओं की समीक्षा और हटाने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।

        धरना स्थगित करने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री भीड़ के साथ कांग्रेस कार्यालय पर हमला करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को विरोध-प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन किसी विपक्षी दल के कार्यालय पर मंत्रियों की मौजूदगी में पथराव, गाली-गलौज और हिंसक माहौल बनाया जाना पूरी तरह अस्वीकार्य है।

        बैज ने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में भाजपा के मंत्रियों ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस घटना की कड़ी निंदा करती है और यदि पुलिस ने अपने लिखित आश्वासन के अनुरूप निष्पक्ष एवं न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी एक सप्ताह बाद फिर से आंदोलन शुरू करेगी।