होम खास ख़बर तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर मतदान संपन्न, दतिया में सबसे...

तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर मतदान संपन्न, दतिया में सबसे अधिक 72% वोटिंग

0

नई दिल्ली, 30 जुलाई। मध्य प्रदेश, बिहार और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर गुरुवार को हुए उपचुनाव का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। तीनों सीटों में मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर सबसे अधिक करीब 72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि बिहार की बांकीपुर और गुजरात की मंजलपुर सीट पर मतदान 35 प्रतिशत से भी कम रहा। तीनों सीटों के लिए मतगणना 3 अगस्त को होगी।

दतिया में करीब 72 प्रतिशत मतदान

      मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार यहां करीब 71.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो अंतिम रिपोर्ट आने के बाद कुछ बढ़ सकता है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 80.20 प्रतिशत मतदान हुआ था।

      जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने बताया कि मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी मौजूदगी रही और पूरे दिन कहीं से किसी अप्रिय घटना या शिकायत की सूचना नहीं मिली। सभी मतदान केंद्रों से अंतिम आंकड़े मिलने के बाद आधिकारिक मतदान प्रतिशत जारी किया जाएगा।

       हालांकि, कांग्रेस ने मतदान के दौरान सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया। पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि रामसागर स्थित एक मतदान केंद्र से उसके पोलिंग एजेंट को पुलिस बिना कारण अपने साथ ले गई, जिससे निष्पक्ष मतदान प्रभावित हुआ।

       दतिया सीट पर बीजेपी ने आशुतोष तिवारी, कांग्रेस ने घनश्याम सिंह और आजाद समाज पार्टी ने दामोदर सिंह यादव को उम्मीदवार बनाया है। इनके अलावा 18 अन्य प्रत्याशी भी मैदान में हैं।

        यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई थी। दिल्ली की एक अदालत द्वारा धोखाधड़ी के मामले में उन्हें तीन वर्ष की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया गया।

बांकीपुर में 34.30 प्रतिशत मतदान, प्रशांत किशोर ने लगाए आरोप

         बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में कुल 34.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले सात प्रतिशत से अधिक कम है। यह मतदान वर्ष 2020 के कोविड काल के चुनाव से भी कम रहा।

         बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई इस सीट पर बीजेपी, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और कांग्रेस समर्थित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता के बीच मुकाबला है।

         मतदान के दौरान प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि पुलिस सत्तारूढ़ दल के दबाव में उनके समर्थकों और मतदान अभिकर्ताओं को हिरासत में ले रही है। पटना में एक मतदान केंद्र के बाहर उनकी नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) ममता कल्याणी से बहस भी हुई। वहीं राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने भी पुलिस और बीजेपी पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाए।

मंजलपुर में 34.35 प्रतिशत वोटिंग

         गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट पर भी मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। शाम पांच बजे तक यहां 34.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

          यह सीट बीजेपी के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई थी। बीजेपी ने पूर्व पार्षद एवं वडोदरा जिला अध्यक्ष सतीश पटेल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने गुजरात प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री भीखाभाई रबारी को मैदान में उतारा है।

          मतदान के दौरान पंचशील विद्यालय स्थित एक मतदान केंद्र के बाहर बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और मतदान बिना किसी बाधा के जारी रहा।

        तीनों विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे 03 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।