होम छत्तीसगढ़ सावन में श्रद्धालुओं को बड़ी राहत: आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस पूरे अगस्त...

सावन में श्रद्धालुओं को बड़ी राहत: आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस पूरे अगस्त में चलेगी

0

रायपुर, 31 जुलाई। सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम (बाबाधाम) जाने वाले छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की पहल पर गाड़ी संख्या 13288/13287 आरा–दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस को पूरे मार्ग पर पुनः बहाल करने का निर्णय लिया गया है। इससे अगस्त माह के दौरान हजारों यात्रियों को पहले की तरह सीधी और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

      दरअसल, दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में कंसबहाल–धारुआडीही रेलखंड की अप और डाउन लाइन पर ट्रैक अनुरक्षण एवं आधारभूत संरचना से जुड़े आवश्यक कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया जा रहा है। सुरक्षित रेल संचालन के लिए किए जा रहे इस कार्य के कारण पहले साउथ बिहार एक्सप्रेस को दुर्ग–राउरकेला–दुर्ग के बीच विभिन्न तिथियों में आंशिक रूप से रद्द किया गया था।

      हालांकि, श्रावणी मेले के दौरान छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बाबाधाम जाने को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष पहल की है। इसके तहत अब साउथ बिहार एक्सप्रेस पूरे सावन यानी अगस्त माह में अपने प्रारंभिक स्टेशन आरा से अंतिम स्टेशन दुर्ग और वापस आरा तक नियमित रूप से संचालित होगी।

       रेलवे द्वारा जारी विशेष परिचालन व्यवस्था के अनुसार, आरा से 6, 13, 20 और 27 अगस्त 2026 को रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 13288 आरा–दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस चांडिल–कांद्रा–सीनी के परिवर्तित मार्ग से चलेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 13287 दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस 7, 14, 21 और 28 अगस्त 2026 को दुर्ग से आरा तक अपने नियमित मार्ग से संचालित की जाएगी।