होम खास ख़बर कुलगाम में आतंकियों का प्रवासी मजदूरों पर हमला, छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों...

कुलगाम में आतंकियों का प्रवासी मजदूरों पर हमला, छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत

0
(प्रतीकात्मक फोटो)

श्रीनगर, 01 अगस्त। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले के केल्लाम इलाके में आतंकियों ने प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाते हुए कायराना हमला किया। शुक्रवार रात हुए इस आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय दीपक रात्रे और 28 वर्षीय भूपेंद्र कुमार के रूप में हुई है। दीपक रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र कुमार ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

         जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे केल्लाम क्षेत्र में अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने 3 से 4 राउंड फायरिंग की। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों की सहायता से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दीपक रात्रे को मृत घोषित कर दिया। बाद में इलाज के दौरान भूपेंद्र कुमार की भी मृत्यु हो गई।

          हमले के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी शुरू कर दी है और हमलावरों का पता लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

         जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा दोषियों के खिलाफ अभियान तेज कर उन्हें जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाने के निर्देश दिए। उपराज्यपाल ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों पर हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

         इस घटना के बाद कुलगाम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल आतंकियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।