रायपुर, 1 अगस्त। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में प्रवासी श्रमिकों पर हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की मौत तथा एक अन्य श्रमिक के घायल होने की घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतक श्रमिक को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायल श्रमिक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
श्री साय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि कुलगाम में हुए इस कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की दुखद मृत्यु एवं एक श्रमिक के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने बताया कि घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में समुचित उपचार जारी है तथा इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दिवंगत श्रमिक को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायल श्रमिक के जल्द स्वस्थ होकर सकुशल घर लौटने की ईश्वर से प्रार्थना की।




