रायपुर, 3 अगस्त। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की होनहार खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव ने सोमवार को रायपुर स्थित निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य मुलाकात की।
इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने ज्ञानेश्वरी यादव को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के लाखों युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और भारत का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राजनांदगांव की बेटी द्वारा कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर रजत पदक जीतना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसे खिलाड़ियों के समर्पण, कठिन परिश्रम और अटूट संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
डॉ.सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि के सम्मान में 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने तथा उन्हें आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति प्रदान करने के निर्णय की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, जिससे प्रदेश के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिल रही है।
मुलाकात के दौरान डॉ. रमन सिंह ने ज्ञानेश्वरी यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे खेल और प्रशासन दोनों क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण से उत्कृष्ट कार्य करते हुए छत्तीसगढ़ और देश का गौरव लगातार बढ़ाती रहेंगी।




