बीजापुर, 4 अगस्त। छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सलवादी आत्मसमर्पण, पीड़ित राहत एवं पुनर्वास नीति-2025 के तहत बीजापुर जिले के 95 आत्मसमर्पित नक्सलियों को कुल 1 करोड़ 40 लाख 86 हजार 700 रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है। इस संबंध में बीजापुर कलेक्टर श्री विश्वदीप ने नीति के प्रावधानों के अनुरूप राशि के आहरण एवं वितरण की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
यह राशि उन नक्सलियों को दी जाएगी जिन्होंने शस्त्रों के साथ आत्मसमर्पण कर हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है। सरकार का उद्देश्य उन्हें सम्मानजनक जीवन, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराकर नई शुरुआत करने में सहयोग देना है।
राज्य सरकार का मानना है कि पुनर्वास नीति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति, सामाजिक पुनर्स्थापना और विकास को गति देने का प्रभावी माध्यम बन रही है। इस पहल से आत्मसमर्पण के लिए सकारात्मक माहौल तैयार होने के साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन और विकास कार्यों को भी मजबूती मिल रही है।
राज्य सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। सरकार का कहना है कि पुनर्वास नीति के माध्यम से आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज में सम्मानजनक पुनर्स्थापना का अवसर मिल रहा है, जिससे बस्तर संभाग में शांति और विकास की प्रक्रिया को नया बल मिल रहा है।




