रायपुर, 4 अगस्त। दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा क्षेत्र में कांग्रेस नेता प्रकाश कश्यप की हत्या के बाद प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे अपराध अब बर्दाश्त से बाहर हो चुके हैं और सरकार तथा पुलिस अपराधों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं।
श्री बैज ने आज यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि प्रकाश कश्यप की घर लौटते समय कथित रूप से लूट की नीयत से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। जांजगीर-चांपा में लिफ्ट मांगने के बहाने लूट का प्रयास किया गया और विरोध करने पर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वहीं बिलासपुर में नकाबपोश बदमाशों ने शराब दुकान में घुसकर गार्ड को बंधक बनाया और लूट की वारदात को अंजाम दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में हत्या, लूट, चाकूबाजी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल है। उनका आरोप है कि लोग अब खुलेआम सड़क पर निकलने में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
श्री बैज ने हाल के दिनों में हुई अन्य घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि सक्ती में एक युवती की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। कोरिया जिले के सोनहत में चार लोगों को जिंदा जलाने की घटना सामने आई, जबकि जैजेपुर में दो भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने पेण्ड्रा के कोटमी बाजार में सराफा कारोबारी की हत्या, रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में चाकूबाजी और लूट, तथा देवभोग में एक महिला की धारदार हथियार से हत्या जैसी घटनाओं का भी जिक्र किया।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद गोली मारकर हत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, मस्तुरी, जांजगीर-चांपा, जशपुर और कवर्धा सहित कई जिलों में गंभीर आपराधिक वारदातें हुई हैं। राजधानी रायपुर में बम से हमले और बिरगांव में बम बनाने जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है।




