रायपुर, 5 अगस्त। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 एवं 35ए के विशेष प्रावधानों को निष्प्रभावी किए जाने के सात वर्ष पूर्ण होने पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संवैधानिक समानता की दिशा में एक ऐतिहासिक और युगांतकारी निर्णय बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में कहा कि 5 अगस्त 2019 को देश ने उस ऐतिहासिक अध्याय को लिखा, जिसने दशकों से संजोए गए राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संकल्प को निर्णायक रूप दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से अनुच्छेद 370 एवं 35ए के विशेष प्रावधानों को निष्प्रभावी कर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को समान अधिकार, समान अवसर और विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने वाला महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है। उनके अनुसार आज जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विकास, निवेश, पर्यटन, शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास की नई ऊर्जा ने पूरे क्षेत्र में विश्वास और संभावनाओं का नया वातावरण निर्मित किया है।
साय ने अपने संदेश में श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रसमर्पित जीवन और उनके संकल्प “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक निर्णय के सात वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अखंड भारत की भावना, एक संविधान का सम्मान और सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार ही सशक्त, समरस और विकसित भारत की आधारशिला हैं।




