होम ब्रेकिंग न्यूज प्रदर्शनकारी छात्रों से मिले राहुल गांधी, कहा- डरने या माफी मांगने की...

प्रदर्शनकारी छात्रों से मिले राहुल गांधी, कहा- डरने या माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं

0

नई दिल्ली, 5 अगस्त। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के युवा शिक्षा व्यवस्था, संविधान और भारत के भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्रों ने कोई गलत काम नहीं किया है, इसलिए उन्हें किसी से माफी मांगने की आवश्यकता नहीं है।

     राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने बताया कि उनकी प्रदर्शनकारी छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात हुई, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सबसे पहले वह उन हजारों युवाओं का धन्यवाद करना चाहते हैं, जिन्होंने शिक्षा प्रणाली, संविधान और देश के भविष्य की रक्षा के लिए आवाज उठाई।

     राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों ने उन्हें बताया कि उन्होंने किसी के खिलाफ हिंसा नहीं की, लेकिन इसके बावजूद उनका लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। छात्रों के अनुसार उन्हें धमकियां दी गईं, लाठीचार्ज का सामना करना पड़ा और उनके साथ मारपीट भी की गई।

     उन्होंने कहा कि छात्रों का मानना है कि जब किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय होता है तो एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते उसके पक्ष में खड़ा होना हर किसी का दायित्व है। राहुल गांधी ने छात्रों से कहा कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है और इसलिए माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं उठता।

     प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी अपने साथ छात्रा रिया अहीर को भी लेकर आए। रिया अहीर ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन में भाग लेने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर अपशब्दों और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।

   राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों से जबरन माफी मंगवाने की कोशिश की जा रही है और उनके घरों तक दबाव बनाने के लिए लोगों को भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उन्हें डरने या माफी मांगने की आवश्यकता नहीं है।