भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 अगस्त को दिल्ली- एनसीआर में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में में सोमवार को तेज धूप के बाद दोपहर में हुई बारिश ने लोगों को राहत दी। अब मंगलवार को भी कई इलाकों में बारिश हो रही है। ऐसे में शिवरात्रि पर मंदिरों में भोलेनाथ का जलाभिषेक करने निकलने वाले श्रद्धालुओं को बारिश का सामना करना पड़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को राजधानी में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग मानक केंद्र पर शाम 5:30 बजे तक चार मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। अगस्त के शुरुआती 10 दिनों में ही यहां 233.7 मिमी बारिश हो चुकी है, जो अगस्त की दीर्घकालिक औसत बारिश 233.1 मिमी से अधिक है।
सुबह से दोपहर तक ज्यादातर इलाकों में बारिश
आईएमडी ने बताया था कि मंगलवार सुबह से दोपहर के बीच दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर बारिश हो सकती है। शाम और रात में भी हल्की बारिश के आसार हैं। ऐसे में मंदिरों में जलाभिषेक के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को मौसम को देखते हुए घर से निकलने की सलाह दी।
12 अगस्त को दोपहर से शाम के बीच एक-दो बार बहुत हल्की बारिश हो सकती है। 13 और 14 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। 15 अगस्त को सुबह से दोपहर और शाम के बीच अलग-अलग समय पर बारिश हो सकती है। 16 अगस्त को भी दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है।
अगले छह दिन 32 से 35 डिग्री रह सकता है अधिकतम तापमान
अगले छह दिनों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री और न्यूनतम 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। रुक-रुककर बारिश और बादल छाए रहने से मौसम सुहाना रह सकता है। हालांकि, जलाभिषेक के लिए निकलने वाले श्रद्धालुओं को बारिश को देखते हुए छाता और अन्य जरूरी सामान साथ रखने की जरूरत होगी।




