रायपुर, 15 अगस्त। छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। विधानसभा परिसर में सचिव दिनेश शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
ध्वजारोहण के पश्चात विधानसभा सचिव श्री शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेषित संदेश का वाचन किया।
अपने संदेश में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने स्वतंत्रता दिवस को देश के असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को स्मरण करने तथा उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह दिन प्रत्येक नागरिक के लिए आत्मावलोकन का भी अवसर है। हमें विचार करना चाहिए कि हम अपने राष्ट्रीय दायित्वों के निर्वहन के प्रति कितने सजग और समर्पित हैं।
डॉ.सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के असंख्य शहीदों के बलिदान की नींव पर ही स्वतंत्र भारत की इमारत खड़ी हुई है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि अपने कार्य, विचार और व्यवहार के माध्यम से समुन्नत एवं सुदृढ़ भारत के निर्माण के सपने को साकार करने के लिए सार्थक और सकारात्मक पहल करें।
उन्होंने सभी नागरिकों से भारतीय स्वतंत्रता की गौरवशाली गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के संकल्प में अपना योगदान देने का भी अनुरोध किया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधानसभा परिसर को आकर्षक एवं नयनाभिराम रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरे परिसर में देशभक्ति और उत्सव का माहौल नजर आया।




