होम छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश बने जस्टिस कृष्न राम महापात्र, राज्यपाल...

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश बने जस्टिस कृष्न राम महापात्र, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

0

रायपुर, 7 सितंबर। न्यायमूर्ति कृष्न राम महापात्र ने सोमवार को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली। राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही जस्टिस महापात्र छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश बन गए हैं।

       शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल रमेन डेका ने मुख्य न्यायाधीश कृष्न राम महापात्र को राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट की प्रति सौंपी और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जस्टिस महापात्र इससे पहले उड़ीसा हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे।

        शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी और अनुज शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

       समारोह में मुख्य न्यायाधीश की धर्मपत्नी अनिता महापात्र सहित छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीशगण भी उपस्थित रहे। प्रदेश के मुख्य सचिव विकास शील ने शपथ ग्रहण समारोह का संचालन किया और राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट का वाचन किया।

        इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, महाधिवक्ता विवेक शर्मा तथा हाईकोर्ट बिलासपुर के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव सहित राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी और हाईकोर्ट के अधिवक्ता भी उपस्थित रहे।