रायपुर, 9 सितंबर। राजधानी रायपुर में 18 से 20 सितंबर तक साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 का आयोजन किया जाएगा। लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय औद्योगिक मेले में देशभर के उद्योगपति, उद्यमी, निवेशक, खरीदार और युवा शामिल होंगे।
फेयर का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के MSME, स्टार्टअप और स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार, निवेशकों और नए कारोबारी साझेदारों से जोड़ना है। आयोजन में उत्पाद एवं तकनीक प्रदर्शनी के साथ B2B मीटिंग, निवेशकों से संवाद, जॉब प्लेसमेंट ड्राइव, विशेषज्ञों के सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी रहेगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी कृष्ण गोपाल की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर
फेयर में छत्तीसगढ़ के खनिज, कृषि एवं वन उत्पाद, ऊर्जा, इंजीनियरिंग, खाद्य प्रसंस्करण, टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल, निर्माण और सेवा क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। B2B बैठकों के जरिए निर्माता, खरीदार, वितरक, सप्लायर और निवेशक सीधे संपर्क स्थापित कर सकेंगे।
युवाओं और स्टार्टअप के लिए विशेष अवसर
आयोजन में Job Placement Drive भी आयोजित की जाएगी, जिसमें विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को विभिन्न उद्योगों और कंपनियों से रोजगार के अवसरों के लिए जोड़ने का प्रयास होगा। वहीं स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को निवेशकों, अनुभवी उद्योगपतियों और संभावित कारोबारी साझेदारों से संवाद का अवसर मिलेगा।
तीन दिवसीय फेयर में उद्यमिता, नवाचार, नई तकनीक, व्यवसाय प्रबंधन और बाजार विस्तार जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के प्रेरक सत्र भी होंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की लोक कला, संगीत और नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 छत्तीसगढ़ के ‘लोकल से नेशनल’ की दिशा में महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है। इससे प्रदेश में निवेश, व्यापार विस्तार, रोजगार, तकनीकी सहयोग और नए औद्योगिक अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।




