रायपुर, 21 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माँ के प्रति सम्मान और भारतीय संस्कृति में उनके सर्वोच्च स्थान को रेखांकित करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावपूर्ण वीडियो साझा किया है। मुख्यमंत्री ने वीडियो के साथ कविता की पंक्तियों के माध्यम से माँ के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और उनके सम्मान को जीवन के नैतिक संस्कार से जोड़ा।
मुख्यमंत्री साय ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा—
“माँ है ममता, माँ है करुणा, माँ जीवन का आधार है,
माँ के चरणों में समर्पित पूरा ये संसार है।
माँ का करे अपमान वो कुपुत्र ही कहलायेगा,
माँ का करे तिरस्कार वो कहीं ठौर न पायेगा।”
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में किसी राजनीतिक व्यक्ति या दल का नाम नहीं लिया है। उन्होंने माँ के प्रति सम्मान, संवेदना और सामाजिक मर्यादा को केंद्र में रखते हुए यह संदेश साझा किया है।
मुख्यमंत्री का यह संदेश ऐसे समय सामने आया है, जब इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में हुई एक कॉमेडी प्रस्तुति को लेकर राजनीतिक विवाद चल रहा है। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बोलने की शैली और हाव-भाव की मिमिक्री की थी।
प्रस्तुति के एक हिस्से में प्रधानमंत्री मोदी के एक सार्वजनिक कार्यक्रम से जुड़े प्रसंग को भी शामिल किया गया था, जिसमें उन्होंने भीड़ में मौजूद एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी उपलब्ध कराने को कहा था। इस प्रस्तुति को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से आपत्ति जताई गई और आरोप लगाया गया कि हास्य प्रस्तुति के नाम पर माँ और मातृशक्ति के सम्मान को ठेस पहुंचाई गई। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी मंच पर मौजूद थे और प्रस्तुति को लेकर उनकी प्रतिक्रिया भी राजनीतिक बहस का विषय बनी हुई है।
इसी घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का माँ की महिमा और सम्मान पर केंद्रित संदेश सामने आया है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सीधे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय माँ के प्रति भारतीय समाज की श्रद्धा, संवेदना और सांस्कृतिक मूल्यों को रेखांकित किया है।
मुख्यमंत्री साय ने स्वर्गीय कवि ओम व्यास की माँ पर केंद्रित प्रसिद्ध काव्य रचना का वीडियो भी साझा किया। इस रचना में माँ के त्याग, ममता, वात्सल्य और संतान के जीवन में उनके अतुलनीय योगदान को भावनात्मक रूप से अभिव्यक्त किया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो साझा किए जाने के बाद यह संदेश सोशल मीडिया पर चर्चा में आया है।




