होम ब्रेकिंग न्यूज भाजपा ने 28 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में नियुक्त किए प्रभारी

भाजपा ने 28 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में नियुक्त किए प्रभारी

0

नई दिल्ली, 23 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए देश के सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से बुधवार को घोषित नियुक्तियों में कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। छत्तीसगढ़ में उनके साथ सिद्धार्थ शंभु को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। उत्तर प्रदेश में उनके सहयोग के लिए जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप शर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। उत्तराखंड में उनके साथ अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज तथा तमिलनाडु में निर्मल कुमार सुराना और डी.के. अरुणा सह-प्रभारी होंगे। सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब की जिम्मेदारी दी गई है। पंजाब में उनके साथ वीरेंद्र सचदेवा और अलका गुर्जर सह-प्रभारी होंगे।

हरीश द्विवेदी को बिहार के साथ कर्नाटक का भी प्रभारी बनाया गया है। बिहार में उनके साथ संगीता यादव और रोहन गुप्ता, जबकि कर्नाटक में कसम वेंकटेश्वरालु को सह-प्रभारी बनाया गया है। तरुण चुघ गुजरात के प्रभारी होंगे, जहां अजय माहवार और गोमती साई सह-प्रभारी की भूमिका निभाएंगे।

महाराष्ट्र का प्रभार बैजयंत जय पांडा को सौंपा गया है। उनके साथ अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावडे और कमलजीत सहरावत सह-प्रभारी होंगे। ओडिशा में डी. पुरंदेश्वरी को प्रभारी तथा स्वदेश सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है। पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी सुनील बंसल को दी गई है, जबकि लाल सिंह आर्य, राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा सह-प्रभारी होंगे।

दिल्ली का प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे को बनाया गया है। दिल्ली में जमयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शनाबेन जरदोष सह-प्रभारी होंगे। मध्य प्रदेश का दायित्व बाबुल कुमार देब को मिला है और रेखा वर्मा सह-प्रभारी होंगी। राजस्थान में संजय भाटिया प्रभारी तथा कविता पाटीदार और कुलजीत चहल सह-प्रभारी होंगे।

आंध्र प्रदेश का प्रभार अरविंद भदौरिया, असम का मंगल पांडे, अरुणाचल प्रदेश का देवेश कुमार, झारखंड का गजेंद्र पटेल, केरल का एम. नागराजा, तेलंगाना का सुनील बंसल, हिमाचल प्रदेश का श्रीकांत शर्मा, मणिपुर का राजदीप रॉय, मेघालय का कनाड पुरकायस्थ, मिजोरम का भगवत कराड, नगालैंड का अनिल एंटनी और त्रिपुरा का प्रभार मृगांका देब बर्मन को दिया गया है।

केंद्र शासित प्रदेशों में अंडमान एवं निकोबार का प्रभार जय प्रकाश, चंडीगढ़ का महेंद्र पांडे, दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव का वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, लद्दाख का राजकुमार भाटिया और लक्षद्वीप का प्रभार जॉर्ज कुरियन को सौंपा गया है। पुडुचेरी में के. सुरेंद्रन को प्रभारी बनाया गया है।

भाजपा के इस संगठनात्मक फेरबदल में आगामी विधानसभा चुनावों वाले राज्यों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। उत्तर प्रदेश के लिए विनोद तावड़े के साथ चार सह-प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। पार्टी की ओर से घोषित सूची में सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी एवं सह-प्रभारी शामिल हैं।