रायपुर, 1 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज कल्याण विभाग द्वारा रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में ‘सियान सेवा महाकुंभ’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने वरिष्ठजनों को वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनसे संवाद किया। महाकुंभ में 4 हजार से अधिक वरिष्ठजन विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम के दौरान सियान आशीष सेवा योजना के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के 1810 वरिष्ठ नागरिकों को पूरे भारत में निशुल्क यात्रा के लिए बस पास वितरित किए गए। इसके अलावा जरूरत के अनुसार 2 हजार छड़ियां, एक हजार श्रवण यंत्र और 20 ट्राइसाइकिल भी प्रदान की गईं। इन सुविधाओं से वरिष्ठजनों के आवागमन और दैनिक जीवन की गतिविधियों को आसान बनाने में मदद मिलेगी।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि वरिष्ठजन देश की सांस्कृतिक विरासत और जीवन अनुभव के संवाहक हैं। उन्होंने अपने परिश्रम और अनुभव से परिवार तथा समाज को मजबूत आधार दिया है। इसलिए वरिष्ठजनों के सम्मान के साथ उनके अनुभव और ज्ञान को समाज के विकास में भी उपयोगी बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन केवल अतीत की विरासत नहीं, बल्कि वर्तमान विकास यात्रा के भी महत्वपूर्ण सहभागी हैं। विकसित भारत के संकल्प और ‘नवा अंजोर-अंजोर 2047’ की सोच में वरिष्ठजनों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार का वृद्धजन कल्याण केवल पेंशन तक सीमित नहीं है। सरकार वरिष्ठजनों की स्वास्थ्य सुरक्षा, देखभाल, आवागमन, सामाजिक सहभागिता और सम्मानजनक जीवन को लेकर भी विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लिए 400 करोड़ रुपये तथा मुख्यमंत्री पेंशन योजना के लिए 450 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं से वर्तमान में प्रदेश के 15 लाख 90 हजार 80 वरिष्ठजन लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर, पारदर्शी तरीके से और सम्मानपूर्वक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि योजना के माध्यम से अब तक 2 लाख 55 हजार 845 वरिष्ठजनों को आध्यात्मिक यात्रा का लाभ मिल चुका है। उन्होंने कहा कि कई वरिष्ठजनों के लिए तीर्थयात्रा जीवनभर की इच्छा होती है और यह योजना उन्हें अपनी इस इच्छा को पूरा करने का अवसर प्रदान कर रही है। इसी तरह सियान आशीष सेवा योजना के तहत दिए जा रहे बस पास वरिष्ठजनों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।




