होम देश-विदेश CEC ज्ञानेश कुमार से जुड़े 2006 के केस की फिर होगी जांच

CEC ज्ञानेश कुमार से जुड़े 2006 के केस की फिर होगी जांच

0

तिरुवनंतपुरम, 04 अक्टूबर। केरल सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार से जुड़े करीब दो दशक पुराने मामले की दोबारा जांच के आदेश दिए हैं। यह मामला वर्ष 2006 का है, जब ज्ञानेश कुमार केरल के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव के पद पर कार्यरत थे। केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो (VACB) को मामले की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं।

       मामला मलेशियाई सिविल इंजीनियर ली सी बीन की आत्महत्या से जुड़ा है। ली सी बीन उस समय PATI-BEL कंसोर्टियम से जुड़े थे, जिसे केरल स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (KSTP) के तहत एमसी रोड के उन्नयन का काम सौंपा गया था। वर्ष 2006 में उनकी मौत के बाद कथित तौर पर सामने आए सुसाइड नोट में तत्कालीन PWD सचिव ज्ञानेश कुमार के नाम का उल्लेख होने की बात कही गई थी।

       रिपोर्टों के अनुसार, मामले में सड़क परियोजना से जुड़ी कथित अनियमितताओं और प्रशासनिक स्तर पर लगाए गए आरोपों की जांच पहले भी की गई थी। उस समय विजिलेंस की प्रारंभिक जांच शुरू हुई थी, लेकिन बाद में यह मामला आगे नहीं बढ़ सका। अब केरल सरकार ने इस पुरानी जांच को फिर से खोलने का निर्णय लिया है।

       गृह विभाग ने वर्ष 2006 में की गई प्रारंभिक विजिलेंस जांच से संबंधित सभी फाइलें और रिकॉर्ड तलब किए हैं। नई जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि उस समय जांच किस परिस्थितियों में की गई थी और क्या जांच की प्रक्रिया किसी बाहरी प्रभाव या दबाव से प्रभावित हुई थी।

       सरकार का यह कदम कांग्रेस नेता मलयिनकीझु वेणुगोपाल की शिकायत के बाद उठाया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मामले की शुरुआती जांच बाहरी दबाव के कारण प्रभावित हुई थी। गृह मंत्री के कार्यालय के अनुसार, विजिलेंस निदेशक को मामले में कथित हस्तक्षेप और जांच की परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं।

       विजिलेंस की नई जांच में मुख्य रूप से पुरानी जांच की प्रक्रिया, उस समय सामने आए आरोपों और जांच को आगे नहीं बढ़ाए जाने के कारणों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा कथित बाहरी हस्तक्षेप के आरोपों की भी जांच होगी।