होम छत्तीसगढ़ SING फोरम में छत्तीसगढ़ की निवेश क्षमता पेश करेंगे CM साय

SING फोरम में छत्तीसगढ़ की निवेश क्षमता पेश करेंगे CM साय

0

रायपुर, 4 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में हिस्सा लेने सिंगापुर पहुंचा है। यह फोरम भारत और सिंगापुर के बीच निवेश, व्यापार और आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

        सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल के साथ ‘गार्डन्स बाय द बे’ के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। बैठक में मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन, उद्यान प्रबंधन, शहरी हरियाली और जैव विविधता संरक्षण से जुड़े अनुभवों पर चर्चा हुई।

        मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता वाला राज्य है। सिंगापुर के गार्डन्स बाय द बे की विशेषज्ञता का उपयोग नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन, शहरी लैंडस्केपिंग और हरित क्षेत्रों के विकास में किया जा सकता है। इससे राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

        शाम को मुख्यमंत्री साय SING फोरम की पूर्व संध्या पर सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में शामिल हुए। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

        डिनर में मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ छत्तीसगढ़ और हरियाणा के प्रतिनिधिमंडलों ने भी हिस्सा लिया।

         मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के उद्योग जगत के सामने छत्तीसगढ़ को उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने राज्य की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में किए गए सुधारों तथा एमएसएमई, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी दी।

         साय ने सिंगापुर के उद्योगपतियों को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में भागीदार बनने और राज्य में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का न्योता दिया।

         मुख्यमंत्री 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में शामिल होंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सीईओ राउंडटेबल में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष अधिकारियों के साथ छत्तीसगढ़ में निवेश और आर्थिक साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।