रायपुर, 10 अक्टूबर। आकाशवाणी रायपुर के उप निदेशक (समाचार) विकल्प शुक्ला का शनिवार दोपहर हृदयाघात से निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर श्री शुक्ला ने पीठ दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने हृदय संबंधी समस्या के मद्देनजर उन्हें विशेषज्ञ उपचार कराने की सलाह दी। इसके बाद उन्हें रायपुर के नारायणा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
श्री शुक्ला अपने पीछे पत्नी और दो अविवाहित बेटियों को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आकाशवाणी परिवार ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
भारतीय सूचना सेवा (आईआईएस) के 1993 बैच के अधिकारी विकल्प शुक्ला ने अपने लंबे सेवाकाल में सार्वजनिक प्रसारण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे समाचार संचालन, रिपोर्टिंग और प्रसारण व्यवस्था से जुड़े कार्यों में अपनी दक्षता के लिए जाने जाते थे। उनके अनुभव, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और प्रशासनिक कुशलता ने उन्हें विभाग में विशिष्ट पहचान दिलाई।
श्री शुक्ला की पहली नियुक्ति दिल्ली स्थित पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) में हुई थी। इसके बाद उन्होंने दूरदर्शन और आकाशवाणी सहित विभिन्न मीडिया इकाइयों में अपनी सेवाएं दीं। भोपाल में कार्य करने के बाद वे रायपुर से जुड़े और अपने करियर के अंतिम 25 वर्ष उन्होंने रायपुर में बिताए। इस दौरान वे छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक प्रसारण व्यवस्था के एक महत्वपूर्ण चेहरे के रूप में स्थापित हुए।




