होम खेल जगत छत्तीसगढ़ में बैडमिंटन को नई उड़ान देंगे पुलेला गोपीचंद, नवा रायपुर में...

छत्तीसगढ़ में बैडमिंटन को नई उड़ान देंगे पुलेला गोपीचंद, नवा रायपुर में खुलेगी अकादमी

0

रायपुर, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली बैडमिंटन खिलाड़ियों को अब अपने ही प्रदेश में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलने का अवसर मिलेगा। पद्म भूषण से सम्मानित भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक पुलेला गोपीचंद नवा रायपुर में बैडमिंटन अकादमी शुरू करेंगे। इस पहल से प्रदेश में बैडमिंटन के विकास, उभरती खेल प्रतिभाओं को निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने की दिशा में नई संभावनाएं खुलेंगी।

       राजधानी रायपुर के जोरा में शुक्रवार को सेंध लेक सिटी और इलेशियम क्लब्स की साझेदारी की घोषणा एवं अनुबंध हस्ताक्षर समारोह आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर में प्रस्तावित विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स क्लब की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत इन प्रतिभाओं को पहचानने, तराशने और उन्हें आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की है।

        मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलेला गोपीचंद के अनुभव और मार्गदर्शन से छत्तीसगढ़ के बैडमिंटन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। भारतीय बैडमिंटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में गोपीचंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके मार्गदर्शन में अनेक खिलाड़ियों ने विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ाया है। ऐसे अनुभवी प्रशिक्षक की अकादमी का छत्तीसगढ़ में शुरू होना प्रदेश के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

       गोपीचंद ने छत्तीसगढ़ में मिले आत्मीय स्वागत के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवा रायपुर के सुव्यवस्थित विकास की सराहना करते हुए इलेशियम क्लब्स की पहल को खेल, स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करने वाला कदम बताया।

        उन्होंने कहा कि पिछले दस से बारह वर्षों में देश में खेलों के प्रति लोगों के दृष्टिकोण में बड़ा बदलाव आया है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों की सफलता और तिरंगे का सम्मान देशवासियों में गौरव एवं आत्मविश्वास बढ़ाता है। खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए बेहतर सुविधाओं, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।

         मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार, प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने पर ध्यान दे रही है।

         उन्होंने बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि इस आयोजन के माध्यम से दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिला है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध हों।

         मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नवा रायपुर में विकसित होने वाली आधुनिक खेल सुविधाएं प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करेंगी और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करेंगी। पुलेला गोपीचंद की प्रस्तावित बैडमिंटन अकादमी से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को अपने प्रदेश में ही उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ी तैयार करने की संभावनाएं बढ़ेंगी।