रायपुर, 11 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वस्थ नागरिक विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने और दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय रविवार को रायपुर के देवपुरी में लगभग एक एकड़ क्षेत्र में निर्मित 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी प्रथमेश हॉस्पिटल के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने फीता काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों में जाना मरीजों और उनके परिजनों के लिए आर्थिक बोझ के साथ कई व्यावहारिक कठिनाइयां भी पैदा करता है। राज्य सरकार का प्रयास है कि लोगों को विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिटी उपचार की सुविधाएं प्रदेश में ही उपलब्ध हों। रायपुर सहित अन्य क्षेत्रों में आधुनिक अस्पतालों के विस्तार से दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम होगी। इससे छत्तीसगढ़ के साथ पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का ढांचा तैयार हो रहा है। आधुनिक अस्पतालों की स्थापना से गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधाएं बढ़ेंगी। साथ ही चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
आयुष्मान भारत से जरूरतमंदों को उपचार में मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता बढ़ी है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। छत्तीसगढ़ में भी पात्र परिवार इस योजना के तहत निःशुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी व्यक्ति के इलाज में बाधा न बने। इसी उद्देश्य से जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। दूरस्थ वनांचलों और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है कि राजधानी से लेकर सुदूर ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों तक लोगों को आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों।
नवा रायपुर में 200 एकड़ में विकसित होगी मेडिसिटी
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ को चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इससे प्रदेश में सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा और मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
उन्होंने कहा कि रायपुर और नवा रायपुर में आधुनिक चिकित्सा संस्थानों के विकास से छत्तीसगढ़ एक प्रमुख हेल्थकेयर डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के लोगों को गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। इसके साथ ही दूसरे राज्यों के मरीज भी बेहतर उपचार के लिए छत्तीसगढ़ पहुंच सकें।
मुख्यमंत्री ने प्रथमेश हॉस्पिटल प्रबंधन और चिकित्सकों से मरीजों के उपचार में सेवा, संवेदनशीलता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।




