रायपुर, 1 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को उचित अवसर, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार इसी उद्देश्य से खेल अधोसंरचना का विस्तार कर रही है।
मुख्यमंत्री रविवार को रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हॉकी लीग ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का महत्वपूर्ण अवसर दिया है।
प्रतियोगिता में राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस सहित छह टीमों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक टीम में एक ओलंपिक खिलाड़ी की सहभागिता इस लीग की खास विशेषता रही। इससे युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और खेल की बारीकियां सीखने का अवसर मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लीग का संदेश ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ युवाओं को खेलों से जोड़ने की प्रेरणा दे रहा है। प्रतियोगिता का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया गया, जबकि हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी में कमेंट्री ने आयोजन को स्थानीय पहचान दी।
उन्होंने बताया कि खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शुरू किया गया है। इसके माध्यम से गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रशिक्षण केंद्रों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि संसाधनों के अभाव में किसी खिलाड़ी का सपना अधूरा न रहे।
कार्यक्रम में केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को देश के लिए रोल मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है। हॉकी भारत की गौरवशाली खेल परंपरा का हिस्सा है और मेजर ध्यानचंद की उपलब्धियां आज भी युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करती हैं।
डॉ. मांडविया ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का विस्तार होगा और यह प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सशक्त मंच बनेगी।
समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा लीग के एंबेसडर सरदार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं खेल जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।




