Wednesday , February 4 2026

मसूरी में भारी ओलावृष्टि, पहाड़ों मेंं बारिश-बर्फबारी से राहत, अब कोहरे का यलो अलर्ट

उत्तराखंड में बुधवार को बारिश-बर्फबारी से राहत मिलेगी। हालांकि कुछ जिलों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अुनसार देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, नैनीताल जिले के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मंगलवार को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हुई बारिश-बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी दिखा। मैदानी इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। हालांकि चटक धूप खिलने से ठंड का अहसास कम हुआ। आंकड़ों पर नजर डाले तो दिन में दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक के साथ 23.6 डिग्री रहा।

जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री बढ़ोतरी के साथ 11.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य हिस्सों का भी रहा। आने वाले दिनों की बात करें तो चार और पांच फरवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। जबकि छह फरवरी को पर्वतीय इलाकों में बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है।

मसूरी में भारी ओलावृष्टि, फिसलन बढ़ने से वाहनों के पहिये थमे
शहर में मंगलवार को आधे घंटे तक भारी ओलावृष्टि होने से चारों ओर बर्फ जैसी सफेद चादर बिछ गई। सड़कों पर फिसलन बढ़ने से वाहनों के पहिये थम गए। इससे कई मार्गों पर जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहिया वाहनों को धक्का मारकर निकालना पड़ा। ओलावृष्टि से शहर में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। सबसे अधिक ओले लालटिब्बा और मसराना क्षेत्र में पड़े।

फिसलन बढ़ने से मसराना में करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे उत्तरकाशी, टिहरी, धनोल्टी जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। धनोल्टी निवासी कुलदीप नेगी ने बताया कि दून से मसूरी होते हुए धनोल्टी जाते समय मसराना के पास जाम में भारी परेशानी झेलनी पड़ी। फिसलन बढ़ने से संभलकर वाहन चलाना पड़ा। कई लोगों ने वाहनों को धक्का मारकर आगे ले जाने की कोशिश की। स्थानीय निवासी धर्मपाल पंवार, आशुतोष कोठारी ने ओला पड़ने से शहर में एक बार फिर कड़ाके की ठंड बढ़ गई है।