Tuesday , February 10 2026

आईटी और नवाचार का नया केंद्र बनेगा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 10 फरवरी।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को ज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। आधुनिक अधोसंरचना, ई-गवर्नेंस और निवेश-अनुकूल नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ आईटी, आईटीईएस एवं इमरजिंग टेक्नोलॉजी उद्योगों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बन रहा है।

  श्री साय ने यह बात इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के बीच हुए एमओयू के अवसर पर कही। इस समझौते के तहत राज्य में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी।

  उन्होंने बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मेडटेक, स्मार्ट सिटी और स्मार्ट कृषि जैसे क्षेत्रों में स्टार्ट-अप को प्रोत्साहन मिलेगा तथा युवाओं को राज्य के भीतर ही इनक्यूबेशन, मेंटरशिप और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और प्रतिभाओं का पलायन रुकेगा।