
रायपुर, 15 फरवरी। छत्तीसगढ़ में एक अप्रैल से फाइबर बोतलों में शराब बिक्री और 35 नई शराब दुकानों को खोलने के राज्य सरकार के फैसले पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि शराबबंदी की बात करने वाली भाजपा सरकार अब शराब की खपत बढ़ाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में आबकारी नीति में कई बार बदलाव किए गए। पूर्व की लगभग 700 दुकानों में कंपोजिट व्यवस्था लागू कर अंग्रेजी और देशी शराब एक साथ बेचने का निर्णय लिया गया, जिससे दुकानों की बिक्री क्षमता बढ़ गई।
कांग्रेस के मुताबिक, पिछले वर्ष 67 नई दुकानें खोली गई थीं और अब 35 और दुकानों की घोषणा की गई है। अंबिकापुर में सी-मार्ट बंद कर प्रीमियम शराब दुकान खोले जाने तथा नई नीति में और प्रीमियम दुकान खोलने के निर्णय की भी आलोचना की गई।
श्री शुक्ला ने आरोप लगाया कि सीमावर्ती राज्यों से शराब तस्करी बढ़ी है और अवैध कारोबार बेखौफ चल रहा है। नकली होलोग्राम लगाकर शराब बिक्री, अतिरिक्त वसूली और कोचियागिरी जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
कांग्रेस ने कहा कि सरकार के फैसले यह दर्शाते हैं कि शराबबंदी का मुद्दा केवल राजनीतिक दिखावा था और वर्तमान नीतियां शराब बिक्री को बढ़ावा दे रही हैं।
CG News | Chhattisgarh News Hindi News Updates from Chattisgarh for India