रंगोत्सव में रंगे मुख्यमंत्री: प्रेस क्लब के ‘महामूर्ख सम्मेलन 2026’ में बिखरा होली का उल्लास

रायपुर, 2 मार्च।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह ‘रंगोत्सव’ और ‘महामूर्ख सम्मेलन 2026’ में शामिल हुए।
श्री साय ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को सुदृढ़ करने का पावन अवसर है। यह पर्व हमें गिले-शिकवे भुलाकर संबंधों को नए सिरे से मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
उन्होने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब में पर्वों को मिल-जुलकर मनाने की गौरवशाली परंपरा रही है। वर्षों से क्लब द्वारा होली मिलन और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह परंपरा आगे भी इसी उत्साह के साथ जारी रहेगी। साथ ही प्रेस क्लब परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कामना की कि यह रंगों का पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और उत्साह लेकर आए।
कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का अनोखे अंदाज में स्वागत किया। उन्हें मिर्ची की माला पहनाई गई और त्रिशूलनुमा पिचकारी भेंट की गई, जिसने समारोह का माहौल और भी रोचक बना दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के होली विशेषांक ‘सेंसलेस टाइम्स’ का विमोचन भी किया।
नगाड़े की थाप पर झूमे पत्रकार
समारोह का उत्साह उस समय चरम पर पहुंच गया जब मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वयं नगाड़ा बजाकर कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। नगाड़े की गूंज के साथ उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की धुन पर मुख्यमंत्री ने भी पत्रकार साथियों के साथ फाग गीतों का आनंद लिया। पूरे परिसर में संगीत, संस्कृति और आपसी भाईचारे का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर.कृष्णा दास, संतोष पांडेय (राजनांदगांव सांसद), विधायक सुनील सोनी,मोतीलाल साहू, प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकारगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




