छत्तीसगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसे: जशपुर और बलौदाबाजार में 10 लोगों की मौत, कई घायल

जशपुर/रायपुर, 06 मार्च। छत्तीसगढ़ के जशपुर और बलौदाबाजार जिलों में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गईं तथा दुर्घटनाओं के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
जशपुर में बस पलटने से छह की मौत
पहली दुर्घटना जशपुर जिले के करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास हुई। करडेगा से कुनकुरी की ओर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार पांच यात्रियों की मौके पर ही जबकि एक की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल कुनकुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। बस पलटने के बाद कई यात्री उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर यात्रियों को बस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर तीन एंबुलेंस पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे में महेश राम (45), बिमला (42), संपति देवी (52), दिग्गेश्वर (40) और पांच माह के मासूम घनश्याम की मौत हो गई। मृतकों में पिता-पुत्र और पति-पत्नी भी शामिल हैं, जिससे परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय कुनकुरी अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बलौदाबाजार में बस-ट्रक की टक्कर, 4 की मौत
दूसरी दुर्घटना बलौदाबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर दरचुरा गांव के पास हुई। यहां आरबीएस कंपनी की एक यात्री बस रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 यात्री घायल हो गए। मृतकों में दो महिलाएं, एक बच्चा और एक बुजुर्ग शामिल बताए जा रहे हैं।
घायलों में से 12 लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज सिमगा अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
दोनों दुर्घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य चलाया गया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




