एलपीजी सिलेंडर फिर महंगा: घरेलू गैस 60 रुपये और वाणिज्यिक सिलेंडर 114.50 रुपये बढ़ा

नई दिल्ली, 07 मार्च। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में तेजी तथा डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी के कारण तेल विपणन कंपनियों ने रसोई गैस (एलपीजी) के दाम बढ़ा दिए हैं। शनिवार से लागू नई कीमतों के अनुसार 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की गई है, जबकि 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक सिलेंडर के दाम 114.50 रुपये बढ़ा दिए गए हैं।
देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट के अनुसार अब दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये हो गई है। यह जुलाई 2023 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं कोलकाता में सिलेंडर 939 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये का हो गया है।
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में करीब 11 महीने बाद बदलाव किया गया है। इससे पहले 08 अप्रैल 2025 को इसकी कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी कर इसे 853 रुपये प्रति सिलेंडर किया गया था।
वहीं वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी लगातार चौथी बार वृद्धि की गई है। दिल्ली में 19 किलोग्राम का वाणिज्यिक सिलेंडर अब 1,768.50 रुपये से बढ़कर 1,883 रुपये का हो गया है, जो अप्रैल 2023 के बाद का सबसे उच्च स्तर है। इससे पहले 01 मार्च को भी इसके दाम में 28 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
अन्य महानगरों में भी वाणिज्यिक सिलेंडर महंगा हुआ है। कोलकाता में इसकी कीमत 1,990 रुपये, मुंबई में 1,835 रुपये और चेन्नई में 2,043.50 रुपये हो गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण कच्चे तेल और गैस के उत्पादन तथा वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर असर पड़ा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ी हैं। साथ ही रुपये के कमजोर होने का भी असर घरेलू कीमतों पर पड़ा है, जिसके चलते एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं।



